इटावा। औरैया जनपद के बिधूना में गजेंद्र सिंह इंटर कॉलेज के लापता लिपिक का शव सोमवार को कानपुर देहात के मंगलपुर में कंचौसी पुल के नीचे नग्नवस्था में मिला। पुत्र ने थाना मंगलपुर पहुंच कर शव की शिनाख्त अपने पिता के रूप में की। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। शुक्रवार की रात लापता लिपिक की बाइक, हेलमेट, कपड़े व आधार कार्ड चौबिया थाना क्षेत्र के लुहिया नहर पुल के पास मिले थे।
इटावा-बरेली हाईवे पर थाना चौबिया क्षेत्र के अंतर्गत लुहिया नहर पुल के पास चार दिन से लापता प्रमोद कुमार की बाइक, हेलमेट, आधार कार्ड व कपड़े मिले थे। बसरेहर थाना क्षेत्र के बादरीपूठ निवासी प्रमोद कुमार के आधार कार्ड से मिली जानकारी पर पुलिस ने उनके घर सूचना दी थी। साथ ही उनको ढूंढने के लिए नहर में गोताखोर उतारे थे, लेकिन वह नहीं मिले। पुलिस को जानकारी मिली कि एक व्यक्ति का शव सोमवार को कानपुर देहात के मंगलपुर थानांतर्गत कंचौसी पुल के नीचे मिला है। इस पर उनके परिजन मंगलपुर थाना पहुंचे और शिवम राजपूत ने शव की शिनाख्त प्रमोद कुमार के रूप में की। प्रमोद औरैया जिले के बिधूना स्थित गजेंद्र सिंह इंटर कॉलेज में लिपिक के पद पर तैनात थे। थाना चौबिया पुलिस ने उनकी गुमशुदगी का मामला भी दर्ज किया था।