इटावा। दिल्ली से बस में सवार होकर इटावा आ रहे एक युवक को शनिवार रात जहरखुरानी गिरोह के सदस्यों ने अपना शिकार बना लिया। जिसके बाद बस के ड्राइवर व कंडक्टर युवक को बेहोशी की हालत में इकदिल हाईवे पर पेट्रोल पम्प के पास छोड़कर चले गए। 108 एंबुलेंस कर्मियों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बसरेहर के गांव तुलसीपुर के रहने वाले विनोद कुमार का 19 वर्षीय पुत्र आकाश दिल्ली में प्राइवेट जॉब करता है। शनिवार की रात वह दिल्ली से घर आने के लिए बस में सवार हुआ था। रास्ते में बस में उसे किसी ने नशीला पदार्थ सुंधाकर लूट लिया। जिसके बाद बस के ड्राइवर व कंडक्टर उसे रविवार दोपहर 11 बजे इकदिल हाइवे पर स्थित पेट्रोल पम्प पर छोड़कर चले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की मदद से युवक को में जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां होश में आने पर उसने अपने सामान व रुपये गायब होने की जानकारी दी।