इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र के ग्राम नया नगला में सोमवार सुबह गैस चूल्हे में महिला के चाय चढ़ाते समय घर में आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास में महिला झुलस गई। वहीं घर रखी गृहस्थी का सामान समेत दो हजार रुपये जल गए। ग्रामीणों ने महिला को महेवा सीएचसी में भर्ती कराया।
सोमवार सुबह ग्राम नया निवासी राघवेंद्र दोहरे की पत्नी अर्चना सुबह सात बजे के आसपास चाय बनाने के लिए उठी। तभी सिलिंडर लीकेज की वजह से आग लग गई। देखते ही देखते ही आग ने विकराल रूप ले लिया। महिला ने सूझबूझ से घर में सो रहे बेटे आयुष व अंश को बाहर भेजकर और आग बुझाने का प्रयास करने लगी। इस बीच वह भी आग की चपेट में आ गई। घर में रखा बेड, सोफा, कुर्सियां, अनाज, कपड़े व कागजात समेत दो हजार रुपये जल गए। ग्रामीणों ने झुलसी महिला को महेवा सीएचसी मे भर्ती कराया। पीड़ित ने बताया कि आग से लगभग एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। सिलिंडर उज्ज्वला योजना के तहत भारत गैस एजेंसी से मिला था। सूचना पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संजय पाल, क्षेत्रीय लेखपाल सुधीर चौबे, राजाराम ने घटना का जायजा लिया। रिपोर्ट बना तहसील प्रशासन को सौंपने की बात कही है।