इटावा। बकेवर थानाक्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार सुबह कानपुर-आगरा हाईवे पर वरुणा ढाबे के पास 50 सवारियों से भरी डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में चार सवारियां गंभीर घायल हुईं हैं और कुछ को हल्की चोटें आईं हैं। दोनों की हालात ज्याद खराब होने पर उन्हें महेवा सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक अंजन कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार को डबल डेकर बस दिल्ली से कानपुर की तरफ जा रही थी। इसमें 50 सवारी मौजूद थीं। सुबह साढ़े चार बजे के आसपास वरुणा ढाबे के पास पहुंचने पर चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और डिवाइडर से टकराता हुआ खंभे से जा भिड़ा। हादसे से यात्रियों में दहशत फैल गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं कुछ सवारियां चुटहिल भी हुईं। पुलिस ने घायलों को महेवा सीएचसी में भर्ती कराया। अन्य सवारियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य को भेज दिया। सीएचसी के डॉक्टर ने गंभीर रूप से घायल कानपुर देहात निवासी अजय कुमार पुत्र प्रेमचंद्र व औरैया के रामेश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।