इटावा। बसरेहर थाना क्षेत्र के ग्राम संतोषपुर घाट और काली मंदिर के बीच में मंगलवार शाम सात बजे बाइक सवार मजदूर को ट्रैक्टर ने पीछे से रौंद दिया। जानकारी होने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस पर देरी से आने का आरोप लगा शव को उठने नहीं दिया। दो घंटे की मानमनौवल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।
बसरेहर थाना क्षेत्र के ग्राम किल्ली सुल्तानपुर में रहने वाला 25 वर्षीय विकास बाबू पुत्र सत्यराम बाबू गोयल रोजाना मजदूरी करने इटावा शहर जाता था। मंगलवार शाम को बाइक से वह घर लौट रहा था। लगभग सात बजे बसरेहर थाना क्षेत्र के ग्राम संतोषपुर घाट और काली मंदिर के बीच में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर विकास को रौंदते हुए निकल गया। पीछे से आ रहे विकास के साथी मजदूरों ने पीछा किया, लेकिन ट्रैक्टर हाथ नहीं आया। साथी मजदूरों ने परिजनों को सूचना दी तो मौके पर पहुंचे परिजनों और आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस शव को अपने कब्जे में लेने लगी तो परिजन व ग्रामीण पुलिस के देर से आने पर बिफर गए और शव को उठने नहीं दिया जिससे जाम के हालात बन गए। दो घंटे के मानमनौवल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।