घटनास्थल पर मौजूद पुलिस व अन्य लोग।
- फोटो : ETAWHA
इटावा। इटावा-बरेली हाईवे पर बसरेहर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह फर्रुखाबाद की ओर जा रहे गिट्टी भरे डंपर ने साइकिल सवार किशोर को रौंद दिया। कक्षा चार का छात्र बसरेहर कस्बा से कुछ सामान लेकर साइकिल से गांव लौट रहा था। घटना के बाद डंपर चालक डंपर मौके पर ही छोड़कर भाग गया जिसे पुलिस ने थाना में खड़ा कर लिया। घटना से राजमार्ग पर लगभग आधा घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने किशोर के शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
थाना क्षेत्र के बहादुरपुर लुहिया निवासी 15 वर्षीय मो. कैफ पुत्र लल्लन बख्श बुधवार सुबह बसरेहर कस्बा स्थित बाजार से कुछ सामान लेने गया था। लौटते समय सुबह लगभग नौ बजे फर्रुखाबाद की तरफ जा रहे गिट्टी से भरे डंपर उसे रौंदता चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार डंपर के सामने ट्रक आ गया था। इस पर डंपर चालक ने बाईं ओर डंपर मोड़ दिया। इससे सड़क किनारे साइकिल से जा रहा कैफ साइकिल समेत डंपर के नीचे आ गया। उसकी मौके पर ही मौत ही गई। किशोर को मृत देखकर चालक डंपर को बीच सड़क पर छोड़कर भाग गया।
मृतक के पिता लल्लन बख्श ने पोस्टमार्टम हाउस पर बताया कि वह लोडर चलाते हैं जिसका सामान मंगाने के लिए मैंने अपने बेटे कैफ को बसरेहर बाजार में भेजा था। लौटते समय डंपर से कुचल कर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इटावा-बरेली हाईवे करीब आधे घंटे तक जाम बना रहा।
जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची बसरेहर थाना पुलिस ने जाम खुलवाने के बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा और डंपर को थाने में खड़ा करवाया। घटनास्थल पर मृतक के परिजनों खासकर मां फरजाना बेगम का रो-रो कर बुरा हाल था।