इटावा। कोरोना संक्रमण थमता नहीं रहा है। शुक्रवार को कोरोना की चपेट में आकर तीन लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग को मिली जांच रिपोर्ट में 13 महिलाओं समेत 49 लोग संक्रमित मिले हैं। सात दिन में पहली बार शुक्रवार को संक्रमितों की संख्या सौ से कम मिली है। 163 संक्रमित बीमारी से जंग जीतकर स्वस्थ हुए हैं। जिले में अभी तक 13547 संक्रमित सामने आए हैं। इनमें 12614 स्वस्थ हुए हैं। 268 लोगों की मौत हो चुकी है। अब एक्टिव केस 665 हैं।
शुक्रवार को मिले 49 संक्रमितों में शहर के छह मेडिकल स्टोर पर काम करने वाले कर्मचारी हैं। चार लॉयन सफारी के कर्मचारी हैं। 20 शहर व 29 ग्रामीण क्षेत्र के लोग शामिल हैं। इनमें से 16 लोगों ने 18 मई को और आठ लोगों ने 19 मई को तथा 25 लोगों ने 20 मई को कोरोना जांच कराई थी।
उधर, शुक्रवार को पांचवें दिन कोरोना जांच कराने वालों की संख्या तीन हजार पार कर गई। 3337 लोगों की जांच हुई। इनमें 1902 की एंटीजन एवं 1435 की आरटीपीसीआर जांच हुई। जिले में कोरोना जांच कराने वालों की संख्या 5 लाख 69 हजार 473 हो गई है।
उधर, महेवा में कोरोना वैक्सीनेशन की गति ग्रामीण क्षेत्रों में धीमी है। स्वास्थ्य विभाग गांवों में शिविर भी लगवा रहे है फिर भी लोग टीकाकरण के लिए नहीं पहुंच रहे हैं।
महेवा ब्लॉक के ग्राम शेरपुर, बहेड़ा व रंपुरा गांव में शुक्रवार को शिविर लगाया गया। शेरपुर में डॉ. जितेंद्र चौहान के नेतृत्व में एएनएम उपदेश कुमारी, आशा लेखा पांडेय एवं पूर्व प्रधान आदेश तिवारी के प्रयास से 20 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। बहेड़ा गांव में प्रधान विजय प्रताप सिंह सेंगर के संयोजन में सीएचसी डॉ. गौरव त्रिपाठी और लेखपाल सुधीर चौबे ने 16 लोगों का रजिस्ट्रेशन किया लेकिन 10 लोगों ने ही वैक्सीन लगाई गई। रमपुरा में पूर्व फौजी श्रीपाल ने ही टीका लगवाया।