इटावा। जसवंत नगर के भागनपुरा में तीन दिन पहले हुई लाल सिंह की हत्या के आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। थाना पुलिस अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हवा में हाथ-पैर मार रही है। अफसरों का कहना है कि अगर आरोपियों ने खुद को जल्द कानून के हवाले नहीं किया, तो गैर जमानती वारंट के लिए कोर्ट में अर्जी दी जाएगी।
भगवानपुर गांव निवासी मेघ सिंह बंजारा के बेटे लाल सिंह (23) की 16 अप्रैल की रात उसके चाचा करन सिंह ने तीन बेटों के साथ मिलकर सरिया से पीटकर हत्या कर दी थी। घटना के पीछे जमीनी विवाद बताया गया था। मामले में मेघ सिंह ने करन सिंह और उसके बेटों नाहर सिंह, भगता उर्फ भगत व लवकुश के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
तब से थाना पुलिस आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है, लेकिन घटना के तीन बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी तो दूर उनका सुराग लगा पाने में भी नाकाम है। थाना प्रभारी नवरत्न गौतम का कहना है कि आरोपियों की तलाश में रिश्तेदारों व करीबियों के घरों में दबिशें दी गई, लेकिन कोई हाथ नहीं आया है।