भीषण गर्मी में कपड़े से चेहरा ढंककर जा रही साइकिल सवार युवतियां। संवाद
- फोटो : ETAWAH
इटावा। लगातार दो दिन से तापमान 44 डिग्री पर रहने से लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अप्रैल में पहली बार 44 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने से घर से बाहर निकलने वाले लोगों को लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ रहा है। कपड़े से सिर और चेहरा ढके होने के बावजूद तेज धूप के कारण लोगों का चेहरा लाल हो जाता है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा। दोपहर में सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा।
दो साल पूर्व यानी 29 अप्रैल 2020 को भी अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस रहा था। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री था। अब फिर तापमान 44 डिग्री रहा। पिछले साल के तापमान की बात करें तो 29 अप्रैल 2021 को अधिकतम तापमान में पांच और न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई थी। अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने से गर्मी की का अंदाजा लग जाता है। शुक्रवार को अब तक के सबसे अधिकतम तापमान 44 डिग्री की वजह से ज्यादातर लोग घरों में रहे। बहुत जरूरी होने पर ही धूप से बचाव के बंदोबस्त कर ही बाहर निकले। लोगों का कहना है कि अभी तापमान का यह हाल है तो मई और जून में क्या होगा। तेज गर्मी में बिजली कटौती और परेशान कर रही है।