कोचिंग से वापस आते समय गंदे पानी से निकलते छात्र
- फोटो : ETAWAH
इटावा। अड्डा श्यामलाल में सड़क पर तीन साल से भरा पानी बच्चों के लिए मुसीबत बना है। बच्चों को स्कूल-कोचिंग जाने में तो मुश्किलों का सामना करना ही पड़ता है, उनका खेलकूद तक बंद हो गया है। सड़क पर टखने तक पानी भरा हुआ है। स्कूल या कोचिंग जाते समय बच्चे कई बार पानी में गिरकर चुटहिल हो जाते हैं।
अड्डा श्याम लाल में रहने वाले छात्र- छात्राओं ने बताया कि हमारे मोहल्ले के मुख्य मार्ग पर हमेशा पानी ही भरा रहता है। कई बार तो यहां दो से तीन फीट गहरा पानी भर जाता है। उसे पार कर जाना बहुत मुश्किल होता है। कई बार तेजी से गाड़ियां निकलने पर गंदे पानी से उनके कपड़े भी भीग चुके हैं। सड़क पार करते समय खुद भी पानी में गिर जाते हैं। इससे कई बार चोट लग गई। अड्डा श्याम लाल मोहल्ले के बच्चे अपना मन मार कर दिन भर घर में ही कैद रहते हैं। खेलने के लिए बच्चों के परिजन उन्हें घर से निकलने नहीं देते।
अड्डा श्यामलाल में सड़क पर जलभराव के चलते लोगों का जीवन नारकीय स्थिति से गुजर रहा है। बच्चे भी इस जलभराव की वजह से काफी परेशानी उठाते हैं। यहां के नागरिक, नगर पालिका, जिलाधिकारी, विधायक और मुख्यमंत्री तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन इस समस्या का आज तक कोई समाधान नहीं किया गया है। नगर पालिका ने बस वहां एक पंप लगवा दिया है। इससे सड़क पर भरा गंदा पानी निकाल कर खेतों में छोड़ दिया जाता है। यह भी हफ्ते में सिर्फ एक बार ही होता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक क्षेत्र में नाला और सीवर का निर्माण नहीं होगा तब तक यह समस्या जस की तस बनी रहेगी।
अड्डा श्याम लाल मोहल्ले के बच्चों ने बताया कि उनके स्कूल में पढ़ने वाले सभी दोस्त अपने घरों पर जन्मदिन मनाते हैं और हमें बुलाते है। हमारे जन्मदिन पर हमारा कोई भी दोस्त हमारे घर नहीं आता है। मोहल्ले की सड़क की हालत देखते हुए दोस्तों को बुलाने में खुद ही शर्म आती है। बच्चों ने बताया कि मम्मी कभी अकेले मार्केट भी नहीं जाने देती है। मार्केट जाने के लिए हमेशा घर के किसी बड़े को साथ में लेकर जाना पड़ता है। सुपर टेट की तैयारी कर रही छात्रा अंजली तोमर ने बताया कि कोचिंग जाने के लिए रोज गंदे पानी से होकर निकलना पड़ता है। कपड़े तो गंदे होते ही साथ में बदबू भी बहुत आती है। बरसात के मौसम में गंदा पानी घरों में घुस जाता है।