इटावा। तिवारी ज्वाला प्रसाद आर्य कन्या इंटर कालेज इटावा की नवनिर्वाचित प्रबंध समिति का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शिक्षाविदों को समारोहपूर्वक सम्मानित किया गया।
सह जिला विद्यालय निरीक्षक मुकेश यादव, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य अभयराम यादव को प्रतीक चिन्ह देकर अभिनंदन किया गया। कालेज के मुख्य गेट पर स्वामी दयानंद सरस्वती की प्रतिमा का अनावरण किया गया।
प्रबंधक सुरेंद्र बहादुर सक्सेना ने बताया कि समाज के लोगों के सहयोग से कालेज में चार शिक्षण कक्षों का निर्माण कराया गया है। एक कक्ष मनीष अग्रवाल ने दूसरा स्वयं उन्होंने, तीसरा कक्ष कालेज की 90 प्रतिशत अध्यापिकाओं एवं कर्मचारियों ने निर्माण कराया है।
चौथा कक्ष भी निर्माणधीन है। इसके बाद छात्राओं के लिए इंटर में विज्ञान वर्ग की मान्यता ली जाएगी। प्रधानाचार्य शशि प्रभा यादव ने अध्यक्ष रूप किशोर, उप प्रबंधक अमित सक्सेना, कोषाध्यक्ष लक्ष्मीशंकर एवं अन्य सम्मानित सदस्यों का आभार जताया।
छात्राओं ने स्वामी दयानंद के जीवन पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में आशा वशिष्ठ, अविनी चौहन, दीपाली पटेल, अर्चना शर्मा ने सहयोग प्रदान किया। समारोह में प्राचार्य केकेडीसी एके शर्मा, प्रधानाचार्य जीआईसी पूरन सिंह पाल, उमेश यादव, आरती सक्सेना, प्रधानाचार्य इस्लामियां गुफरान अहमद, डॉ. दीपक अग्रवाल, सर्वेश आर्य मौजूद रहे।