आतंकवादी की ट्रेन उड़ाने की धमकी व पठानकोट में हुई आतंकवादी घटना के बाद
रविवार रात पुलिस ने शहर भर में चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने शहर के मॉल,
नुमाइश, होटलों के साथ स्टेशन बजरिया क्षेत्र में चेकिंग की। स्टेशन पर
दूसरे दिन सोमवार को भी पीएसी के जवान चप्पे-चप्पे पर नजर आए।
रविवार रात सीओ सिटी शिवराज सिंह, कोतवाल विनोद यादव व सिविल लाइन थानाध्यक्ष राधा मोहन द्विवेदी डाग स्कावयड टीम के साथ स्टेशन पहुंचे। टीम ने मुसाफिर खाना, सर्कुलेटिंग एरिया, रिजर्वेशन हाल व प्लेटफार्म पर चेकिंग की। इसके बाद टीम ने स्टेशन बजरिया में अभियान छेड़ते हुए होटल के रजिस्टर चेक किए और ठहरने वाले लोगों की आईडी चेक की।
शास्त्री चौराहा स्थित मॉल के बेसमेंट और पार्किंग के साथ ही नुमाइश में पहुंचकर चेकिंग की।
सोमवार को जीआरपी के साथ पीएसी के जवान भी स्टेशन के चप्पे चप्पे पर मुस्तैद रहे। स्टेशन पर पहुंची गोमती एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में मेटल डिटेक्टर से चेक किया।