सीडीओ ने तहसील कैंटीन व पार्कों का किया निरीक्षण
क्रासर
- समूह की कैंटीन में पचनद प्रेरणा से जुड़े शुद्ध चने और बेसन बेचने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ताखा। तहसील परिसर में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम ने कैंटीन, ब्लॉक मुख्यालय स्थित पार्कों और अधूरे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील में संचालित समूह की कैंटीन में उपलब्ध खाने-पीने के सामान की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई।
सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि समूह की कैंटीन में पचनद प्रेरणा से जुड़े शुद्ध चने और बेसन से बने उत्पाद ही रखे और बेचे जाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी परिसरों में संचालित कैंटीनों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और स्वच्छता के साथ पौष्टिक सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने मौजूद अधिवक्ताओं और बैनामा लेखकों से कैंटीन में मिलने वाली चाय की गुणवत्ता के बारे में भी जानकारी ली। कुछ अधिवक्ताओं द्वारा चाय की गुणवत्ता संतोषजनक न होने की बात कही गई, जिस पर सीडीओ ने कैंटीन संचालक को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
ब्लॉक मुख्यालय पर बने अंबेडकर पार्क और बौद्ध पार्क की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। पार्कों में साफ सफाई, सुरक्षा और सौंदर्यीकरण को लेकर निर्देश देते हुए गेट लगाने, फूलों की क्यारियां विकसित करने तथा पार्क के नाम का स्पष्ट बोर्ड लगाने को कहा। इसके अतिरिक्त परिसर में अधूरे पड़े मॉडल प्रधानमंत्री आवास के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कर उसे कार्यालय उपयोग में लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी भवनों का समय पर निर्माण और समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस मौके पर एसडीएम श्वेता मिश्रा, बीडीओ प्रदीप कुमार सिंह समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।