इटावा। भीड़ और सामान के चलते चलती ट्रेन से उतरने पर रेडीमेड कपड़ा विक्रेता प्लेटफार्म पर गिरकर घायल हो गया। जीआरपी ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
फ्रेंड्स कालोनी निवासी अर्पित व अंकित लाइन पार क्षेत्र के रामनगर मोहल्ले में रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान किए हैं। अंकित ने बताया कि माल खरीदने के लिए तकरीबन हर सप्ताह दिल्ली आना-जाना रहता है।
उसने बताया कि दोनों भाई गत शनिवार को दिल्ली से रेडीमेड कपड़े खरीदने गए थे। गत रविवार रात को वह दोनों मौसी के साथ पूर्वा एक्सप्रेस से लौटे। रात करीब 11 बजे ट्रेन प्लेटफार्म नंबर तीन पर आई। ट्रेन की बोगी के गेट पर उतरने व चढ़ने वालों की भीड़ थी। अंकित व उसकी मौसी तो उतर गईं। लेकिन, माल से भरे थैलों की वजह से अर्पित समय रहते नहीं उतर पाया। सामान उतारने के चक्कर में जब वह ट्रेन से नीचे उतरा, तब तक ट्रेन कुछ स्पीड पकड़ चुकी थी। चलती ट्रेन से उतरते वक्त वह प्लेटफार्म पर गिर पड़ा और उसके सिर में चोट आ गई।
खबर मिलने पर जीआरपी के उप निरीक्षक राजेश कुमार दुबे, कांस्टेबल विमल कुमार आदि मौके पर पहुंचे और घायल अर्पित को रेलवे अस्पताल ले गए। जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया।