धरना प्रदर्शन को संबोधित करते भाजपा जिलाध्यक्ष शिवमहेश दुबे
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा में पुलिस अधिकारियों की हत्या और ध्वस्त कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भाजपा ने सोमवार को कचहरी में धरना प्रदर्शन किया। मामले में पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव की बर्खास्तगी की मांग की। पूर्व विधायक अशोक दुबे ने कहा कि सपा सरकार को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए सत्ता से हट जाना चाहिए। यदि सपा ऐसा नहीं करती है तो पीएम मोदी और राजनाथ सिंह को यूपी सरकार बर्खास्त कर देनी चाहिए। बाद में राज्यपाल को भेजे गए ज्ञापन में पार्टी ने प्रदेश सरकार से 12 सवाल पूछे। कहा कि आपराधिक इतिहास होने के बाद भी रामवृक्ष यादव दो साल तक किसके संरक्षण में जवाहरबाग में जमा रहा।
भाजपा नेताओं ने सोमवार को सपा सरकार पर जमकर वार किए। गर्मी के बावजूद जिले भर आए कार्यकर्ताओं की भीड़ से उत्साहित मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता भदौरिया ने कहा कि सरकार में बैठे लोग नहीं चाहते कि उनका काला चेहरा उजागर हो।
इसलिए सीबीआई जांच से भाग रहे हैं। उन्होंने कहा कि मथुरा में जवाहरबाग में गुंडई कर रहे लोग पुलिस की गोली से मारे गए। पूर्व विधायक अशोक दुबे ने कहा कि मथुरा में दो पुलिस अधिकारियों की शहादत यूपी सरकार के ताबूत में अंतिम कील साबित होगी। मोदी के चित्र पर कालिख पोतने के मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष शिव महेश दुबे ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। कांग्रेसी नेताओं के मुंह से सपा के विरोध में एक शब्द नहीं निकलता।
उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेसी दोबारा ऐसी हिमाकत करेंगे तो इसका भी जवाब दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से भी कहा कि यूपी सरकार 3-4 माह की मेहमान है। इसलिए वह सत्ता में बैठे लोगों की बातों पर ध्यान न दें। इस दौरान पूर्व विधायक जयवीर सिंह भदौरिया, रामकुमार चौधरी, डा. रमाकांत शर्मा, राजेंद्र गुप्ता, कृपा नारायन तिवारी, अरविंद दीक्षित, रमेश चंद्र राजपूत, राजबहादुर यादव, करन सिंह राजपूत, जितेंद्र जैन हैप्पी, नवल शुक्ला, गगन चतुर्वेदी, विवेक भदौरिया, अजय धाकरे, अनिल तिवारी, लता दिवाकर, इंद्रेश दीक्षित आदि मौजूद रहे। संचालन बासू चौधरी ने किया।