इटावा। फर्रुखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि 60 प्रतिशत संख्या वाला पिछड़ा समाज भाजपा के साथ था और आगे भी रहेगा। यह समाज किसी के बहकावे में नहीं आने वाला है।
सांसद ने यह बात शनिवार को सदर विधानसभा क्षेत्र के सराय दयानत स्थित पार्वती उत्सव गार्डन में ओबीसी मोर्चा सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में कही।
उन्होंने आह्वान किया कि सभी अपनी जिम्मेदारी पर लग जाएं। एक बार फिर भाजपा की सरकार बनानी है। पीएम मोदी ने पिछड़ों को केंद्र में 27 प्रतिशत और पिछड़े गरीबों को 10 प्रतिशत एमबीबीएस में आरक्षण दिया है।
साथ ही केंद्र सरकार ने 35 प्रतिशत समाज के लोगों को मंत्रिपद देने का काम किया है। कहा कि पिछड़ा वर्ग भाजपा के साथ है। लिहाजा विस चुनाव में भाजपा सबसे ज्यादा सीटें जीतेगी।
कहा कि भाजपा सरकार में अपराधी प्रदेश से पलायन कर चुके हैं। हम सब सौभाग्यशाली हैं कि हमारा नेतृत्व प्रधानमंत्री मोदी और योगी कर रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत ने कहा कि 100 प्रतिशत वोट में 60 प्रतिशत पिछड़े समाज का है।
बाकी सब में बंटवारा है। भाजपा किसी एक व्यक्ति की पार्टी नहीं है, जो मेहनत करेगा, जो ईमानदार होगा, वह निश्चित रूप से आगे बढ़ेगा। सदर विधायक सरिता भदौरिया ने कहा कि सबसे पहले मायावती की सरकार आई थी, उसमें जमकर भ्रष्टाचार हुआ।
उसके बाद सपा सरकार में झूठे मुकदमे लिखे गए, लेकिन इस सरकार में बहू-बेटियां सुरक्षित हैं।
जिलाध्यक्ष मुनेश बघेल की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन में बढ़पुरा ब्लॉक प्रमुख गणेश राजपूत, मनीष यादव पतरे, जिला मंत्री डॉ. ज्योति वर्मा, राहुल राजपूत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विरला शाक्य, रमेश राजपूत, क्षेत्रीय मंत्री अंगूरी पाल, सतेंद्र राजपूत, पंकज कुशवाहा, जिला मीडिया प्रभारी रोहित शाक्य, सोशल मीडिया प्रमुख विमलेश शाक्य, युवा मोर्चा महामंत्री रजत शाक्य, सत्यम राजपूत, टिंकू यादव, असनीत यादव, प्रदीप सविता, सतेंद्र बघेल समेत अन्य लोग उपस्थित रहे। संचालन मुकेश यादव एवं निधि पाल ने किया।