इकदिल। बकेवर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर गांव परसूपुरा के पास शनिवार की सुबह पल्सर सवार तीन लुटेरों ने बारात से वापस घर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को तमंचा के बल पर लूट लिया। लुटेरे दोनों के पास से 42 हजार रुपया नगद अंगूटी लूट ले गए। लूट का शिकर हुए युवकों ने बाद में इकदिल थाने जाकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर जाकर घटना स्थल का निरीक्षण कर लुटेरों को तलाश किया लेकिन उनका कोई सुराग नही लग सका।
इकदिल कस्बे के मोहल्ला सराय निवासी मोहम्मद मौजू पुत्र कल्लू की बारात शुक्रवार को औरैया के नुमायश रोड पर छोटा इस्लामियां के पास गई थी। रात को निकाह की रश्में पूरी हुई। शनिवार की सुबह मौजू का भाई सलाउद्दीन शादी में भाई को मिली अपाचे बाइक को लेकर इकदिल के लिए आ रहा था। उसके साथ मोहल्ले का राशिद भी साथ था। सुबह करीब पांच बजे जब वह परसूपुरा के पास हाईवे पर पहुंचा उसी समय पीछे से पल्सर पर सवार होकर आए तीन लुटेरों ने उसके रोक लिया और मारपीट की। बाइक सवार लुटेरों ने तमंचा लगाकर उनके पास से नगदी व सामान लूट लिया। बाद में लुटेरे चिल्लाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। लूट का शिकार हुए सलाउद्दीन ने बताया कि लुटेरे उसके पास से 41 हजार रुपये, एक अंगूठी मोबाइल व राशिद के पास से एक हजार रुपये मोबाइल लूट ले गए। उसने बताया कि उसने बसों के किराये के लिए रुपये रखे थे। लूट का शिकार हुए सलाउद्दीन ने बाद में इकदिल आकर घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर प्रभारी निरीक्षक इकदिल समीर सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और छानअीन की। पुलिस ने लुटेरों को तलाश की लेकिन उनके बारे में कोई पता नही चल सका। प्रभारी निरीक्षक इकदिन समीर सिंह ने बताया कि छानबीन के दौरान घटना स्थल बकेवर क्षेत्र का निकला है। इस पर पीड़ितों को बकेवर जाकर प्रार्थनापत्र देने की बात कही गई है।