इटावा। संस्कार भारती कानपुर बुंदेलखंड पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रांतीय प्रबंधकारिणी की वर्चुअल बैठक में नव इकाइयों के गठन की कार्ययोजना और आगामी प्रवासों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा हुई।
इकाई स्तर पर प्रवास योजना में प्रांत सह महामंत्री धनंजय कानपुर शहर और कानपुर देहात में प्रवास करेंगे। चित्रकूट में प्रांतीय उपाध्यक्ष दिगंबर नारायण तिवारी, बांदा तथा कन्नौज में डॉ. समरेंद्र शुक्ला, इटावा और औरैया जनपद में प्रांतीय महामंत्री सुरेंद्र पांडेय प्रवास करेंगे।
संस्कार भारती के महामंत्री नरेश अग्रवाल ने बताया कि प्रवास योजना एक अप्रैल 2022 से 30 जून 2022 तक रहेगी। विद्या संयोजकों की जिला इकाई स्तर पर ऑनलाइन बैठक कोविड गाइडलाइन के अनुरूप संपादित की जाएंगी।
क्षेत्र प्रमुख डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी ने प्रांत स्तर पर मार्गदर्शक मंडल बनाने की बात कही। कार्यक्रम में बुद्धिजीवी और कला साधक जोड़े जाएंगे। गणतंत्र दिवस पर भारत माता पूजन होगा।
प्रांतीय अध्यक्ष विनोद द्विवेदी ने कहा कि देश की संस्कृति और संस्कारों पर बाहरी लोगों अथवा बाहरी विचारधारा से प्रहार किए जाते हैं। बैठक में संस्कार भारती परिवार इटावा के कोषाध्यक्ष कुलदीप अवस्थी, सचिव अत्रि दीक्षित, अध्यक्ष अश्वनी कुमार मिश्र की उपस्थित रहे।
बैठक का संचालन प्रांतीय महामंत्री सुरेंद्र पांडेय ने किया। बैठक में प्रांत के कुल 11 जनपदों की इकाइयों के लगभग तीन दर्जन पदाधिकारियों ने सहभागिता की।