बकेवर। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर बकेवर बाईपास पर अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। ऑटो में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक एएनएम भी है जो अजीतमल ड्यूटी पर जा रही थी। सभी घायलों को 50 शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां दो घायलों को गंभीर हालात पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बकेवर थाना क्षेत्र के आगरा कानपुर नेशनल हाईवे पर सोमवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे रजबाहा के पास अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर से ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि ऑटो वाहन चालक मौके से भाग गया। घायलों में सीएचसी अजीतमल, औरैया में तैनात एएनएम नीतू सिंह निवासी ग्राम बिजौली, खुशी निवासी ग्राम ललितपुर, शनि तिवारी निवासी ग्राम नागरीलोलपुर, थाना बकेवर तथा एक अज्ञात युवक शामिल है, जो अपनी पहचान नहीं बता सका।
थानाध्यक्ष बकेवर विपिन कुमार मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को 50 शैया अस्पताल में भर्ती कराया। प्रभारी सीएमएस डॉक्टर संदीप गुलाटी मौके पर पहुंचे और उनकी देख-रेख में ईएमओ डॉ. रविन्द्र साहू व डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने घायलों का प्राथमिक इलाज किया। हालत गंभीर होने पर खुशी व अज्ञात युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी है।