इटावा/भरथना। सदर तहसील में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस में डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल व एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने फरियादियों की शिकायतों को सुना जबकि भरथना में सीडीओ अजय कुमार गौतम ने शिकायतों को सुना। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि एक सप्ताह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निस्तारण में देरी होने का कारण भी लिखा जाए इसके साथ ही सभी प्रकरणों को अनिवार्य रूप से एक सप्ताह के भीतर निस्तारित किया जाए।
समाधान दिवस में कुल 14 शिकायतें आईं इनमें से तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को प्राप्त कराकर जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए। कहा कि जब भी अधिकारी गावों के भ्रमण पर जाएं तो अपने विभाग से संबंधित योजनाओं का मौके पर सत्यापन करें व लाभार्थियों का फीडबैक भी लें। एसएसपी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की सुनवाई की। एसडीएम सदर विक्रम सिंह राघव, सीएमओ डॉ. बृजेन्द्र कुमार, सीओ व तहसीलदार आदि मौजूद रहे।
भरथना में कुल 12 शिकायतें आईं। इनमें से एक का मौके पर निस्तारण किया गया। चंदनपुर साम्हों गांव की जयदेवी ने बिजली निगम पर मनमाने ढंग से बिल वसूली का आरोप लगाया। नगला गनू निवासी अशोक कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कर जान-माल की सुरक्षा और झूठे आरोपों से बचाने की मांग की। इस मौके पर कंबल भी वितरित किए। एसडीएम काव्या सी, सीओ आरडी मौर्य, बीडीओ 0विजय शंकर प्रसाद, पशु चिकित्साधिकारी वीके वर्मा आदि मौजूद रहे।
जसवंतनगर। तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस में एसडीएम कुमार सत्यम जीत व एएसपी अभय नाथ त्रिपाठी ने शिकायतों को सुना। यहां पर कुल छह शिकायतें आईं इनमें से किसी का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। ग्राम सकौआ निवासी लाखन, नानक चंद, किसन चंद, मुलायम सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने अपनी पैतृक भूमि पर कब्जा किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। भीखनपुर निवासी पुष्पा देवी ने बताया कि सरकारी तालाब में गांव का घरेलू पानी जाने का रास्ता बंद कर दिया गया है, जिसके चलते खरंजे पर पानी भर गया है और आवागमन में परेशानी हो रही है। सीओ आयुषी सिंह, तहसीलदार नेहा सचान आदि मौजूद रहे।