भरथना (इटावा)। लखनपुर पचार गांव में कुछ लोगों ने दो भाइयों की पिटाई कर फायरिंग की और ट्रैक्टर में आग लगा दी। हमलावर बड़े भाई को उठा भी ले गए। पुलिस ने छह नामजद समेत दस लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
भरथना कोतवाली क्षेत्र में लखनपुर पचार गांव निवासी सुरेंद्र सिंह और शिवकुमार पुत्र सूबेदार सिंह के घर पर बसरेहर थाना के गांव नगला मुलु के मानपाल, भदामई गांव के प्रदीप उर्फ छोटे, भरथना थाना के गांव नगला शिबू के नारद, लखनपुर पचार गांव के अशोक, अनुज उर्फ रितिक, अनंत व तीन-चार अज्ञात लोगों ने रविवार रात हमला बोल दिया। हमलावरों ने गॉली गलौज करते हुए मारपीट की और घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर में आग लगा दी।
हमलावरों ने फायरिंग करते हुए शिव कुमार का अपहरण कर ले गए। सोमवार को सुरेंद्र सिंह की तहरीर पर भरथना पुलिस ने मानपाल, प्रदीप, नारद, अशोक, रितिक और अनंत सहित चार अज्ञात लोगों पर अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। क्षेत्राधिकारी साधूराम ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।