इटावा। विशुनपुर गांव में रविवार दोपहर शादी की पहली सालगिरह पर विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। कुछ देर पहले ही उसने फोन पर परिजनों से मायके आने की बात कही थी। पिता ने दहेज में 50 हजार रुपये न देने पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।
औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र के लक्ष्मण की मडै़या निवासी ओमकार सिंह दोहरे ने पिछले वर्ष 25 अप्रैल को बेटी साधना (22) की शादी लवेदी थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव के ललित उर्फ उमेश चंद्र से की थी। ओमकार ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए साधना को पीटते थे। डेढ़ महीने पहले उसे जुड़वां बच्चे (बेटा -बेटी) हुई थी। 20 अप्रैल को ललित ने साधना से फोन करवाकर 50 हजार रुपये मांगे थे। रविवार दोपहर को एक बजे साधना ने फोन पर मायके आने की बात कही। दो बजे दामाद ने फ़ोन पर उसकी मौत की सूचना दी।
विशनपुर पहुंचकर ओमकार ने लवेदी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पति ललित और ससुर श्याम बाबू को हिरासत में ले लिया है। सोमवार दोपहर मायके पक्ष के कहने पर ससुर को छोड़ दिया गया। एसपी देहात सत्यपाल सिंह ने बताया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मौत का कारण पता चलेगा।
झूठ बोलकर की थी शादी
ओमकार ने बताया कि शादी के वक्त ससुराल पक्ष के लोगों ने बताया था कि ललित दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में सुपरवाइजर है। शादी के बाद से वह कभी दिल्ली नहीं गया। दामाद भाई और भाभी के कहने पर चलता था और उन्हीं के कहने पर वह नौकरी नहीं करता था।