इटावा। मतदाता सूची के विशेष अभियान के पहले दिन शनिवार को जिले में कहीं बीएलओ मतदाताओं का इंतजार करते रहे तो कहीं बूथ पर ताला मिला। शहर के अधिकांश मतदान केंद्रों पर नए वोट बनवाने के लिए कम लोग पहुंचे। कई मतदाता सूची में अपना नाम देखने के बाद लौट गए। सदर क्षेत्र में एसडीएम मनोज कुमार पाठक ने इस्लामिया इंटर कॉलेज, सनातन धर्म इंटर कॉलेज और केके इंटर कॉलेज सहित कई केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बीएलओ के पास पर्याप्त फॉर्म हैं। नाम जोड़ने और स्थानांतरण के आवेदन लिए जा रहे हैं।
उधर, वोट चोरी के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के नेता सक्रिय रहे। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में 20 से अधिक बूथों का दौरा किया। डीएम और एसएसपी ने भी कई केंद्रों का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए। सपा के एसआईआर प्रभारी उदयभान सिंह ने शहरी क्षेत्र में जनता इंटर कॉलेज, केके इंटर कॉलेज और केके डिग्री कॉलेज समेत कई केंद्रों का जायजा लिया। जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू ने कटरा बल सिंह सहित शहर के कई मतदान केंद्रों पर बीएलओ और मतदाताओं से बातचीत की।
शहर में कम पहुंचे आवेदक
इटावा। शहर के जीजीआईसी स्थित मतदान केंद्र के पांचों बूथों पर बीएलओ मौजूद रहे, लेकिन दोपहर 12 बजे तक नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए केवल दो फॉर्म-6 जमा हुए थे। कुछ लोग सूची में अपना नाम देखने आए और लौट गए। प्राथमिक विद्यालय नौरंगाबाद में भी सुबह से एक-दो मतदाता ही पहुंचे। यहां नए वोट के लिए कोई आवेदन नहीं आया। एचएमएस इस्लामिया इंटर कॉलेज में दोपहर तक कम लोग पहुंचे। भरथना से आए एक मतदाता ने अपना वोट स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन किया। राजकीय इंटर कॉलेज में दोपहर 12:30 बजे तक केवल एक व्यक्ति नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 लेकर पहुंचा था। (संवाद)
इन केंद्रों पर लटके रहे ताले
पुनरीक्षण अभियान के तहत पड़ताल के दौरान अहेरीपुर के बूथ संख्या 268, 269, 270 और 271 पर शाम 3.32 पर कोई भी बीएलओ मौजूद नहीं था। बूथ पर 3.37 बजे महिला मुन्नी देवी अपने वोट के साथ ही अपने बेटे अनुज का वोट देखने पहुंची, तो वहां कोई मौजूद नहीं था। उन्होंने बताया कि इसकी वजह से वह लौट गई। इसके साथ ही निवाड़ीखुर्द उच्च प्राथमिक विद्यालय में 3:56 बजे बूथ पर ताला लटका था। उदी क्षेत्र के कसौगा में दोपहर 2:30 बजे बूथ पर ताला लगा मिला। वहां कोई मौजूद नहीं था।
डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण
जसवंतनगर। डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल और एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव ने जसवंतनगर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या 75, 76 और 77 समेत अन्य केंद्रों का निरीक्षण किया। डीएम ने बीएलओ की उपस्थिति, फॉर्म-6 की उपलब्धता और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि नाम जुड़वाने के लिए आने वाले पात्र लोगों के आवेदन लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। (संवाद)
बकेवर में दोपहर तक 18 आवेदन
बकेवर। जनता डिग्री कॉलेज स्थित चार बूथों पर दोपहर एक बजे तक नए मतदाताओं के लिए 11 फॉर्म जमा हुए। जनता विद्यालय इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 224 से 227 तक सात आवेदन आए। अन्य केंद्रों पर भी मतदाता सूची के सत्यापन और संशोधन का काम चला। मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं के नामों की जांच के साथ आधार लिंक और पते में संशोधन से जुड़ी जानकारी भी दी गई।(संवाद)
154 बूथों पर लगे शिविर
चकरनगर। ब्लॉक के 154 बूथों पर शिविर लगाए गए। एसडीएम रोहित कुमार मौर्य ने जवाहर इंटर कॉलेज, मानपुरा, गनियावर, महाराजपुरा, रमपुरा घार, तेजपुरा और डिडौली सहित विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। चकरनगर स्थित जवाहर इंटर कॉलेज के बूथ संख्या 426 पर 741, बूथ 427 पर 727 और बूथ 428 पर 697 मतदाता दर्ज हैं। यहां नए नाम जोड़ने के लिए तीन फॉर्म भरे गए। (संवाद)
भरथना में नाम जोड़ने और संशोधन के आवेदन
भरथना। क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय स्थित बूथ संख्या 37 पर नाम जोड़ने और संशोधन का काम हुआ। वहीं, प्राथमिक विद्यालय पुराना भरथना के बूथ संख्या 21 से 24 पर बीएलओ मौजूद रहे। दोपहर एक बजे तक बूथ 21 पर एक व्यक्ति ने नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया, जबकि बूथ 22 पर एक मतदाता के नाम में संशोधन के लिए फॉर्म भरा गया। बुजुर्ग जीतराम ने बताया कि वह कई वर्षों से बूथ संख्या 22 के क्षेत्र में किराये पर रह रहे हैं, लेकिन अब तक यहां उनका वोट नहीं बन सका। आधार कार्ड पर पुराने पते के कारण उन्हें पहले पता संशोधित कराने को कहा गया। (संवाद)
सैफई में बूथ 238 पर आए 19 फॉर्म
सैफई। क्षेत्र के अभिनव इंटर कॉलेज में बूथ संख्या 236 पर नए वोट के 12 और नाम कटवाने के दो आवेदन आए। बूथ 237 पर नए वोट के आवेदन मिले। बूथ 238 पर कुल 19 फॉर्म आए, जिनमें 15 नए वोट बनवाने और चार नाम कटवाने से संबंधित थे। बूथ 239 पर सात लोगों ने नए वोट के लिए आवेदन किया। एसडीएम सिद्धार्थ चौधरी और तहसीलदार एकता पाठक ने केंद्र का निरीक्षण किया। वहां बीएलओ सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। (संवाद)
-
तीनों विधानसभाओ के सभी बूथों पर बीएलओ का बैठना अनिवार्य था। इसके बाद भी अगर जिन बूथों पर बीएलओ नहीं बैठे, तो उनसे स्पष्टीकरण लिया जायेगा।
विपिन कुमार, एडीएम
फोटो 24::दोपहर 2.30 पर उदी के कसौगा बूथ पर लगा ताला और पसरा सन्नाटा। संवाद
फोटो 24::दोपहर 2.30 पर उदी के कसौगा बूथ पर लगा ताला और पसरा सन्नाटा। संवाद
फोटो 24::दोपहर 2.30 पर उदी के कसौगा बूथ पर लगा ताला और पसरा सन्नाटा। संवाद
फोटो 24::दोपहर 2.30 पर उदी के कसौगा बूथ पर लगा ताला और पसरा सन्नाटा। संवाद