सैफई (इटावा)। आस्ट्रेलिया से पर्यावरण इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले आर्यन यादव बड़े भाई अभिषेक यादव उर्फ अंशुल और पार्टी समर्थित जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों को जिताने के लिए पसीना बहा रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के चचेरे भाई आर्यन चुनाव प्रचार के जरिये सक्रिय राजनीति में उतरे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष का पद तीन बार से मुलायम सिंह यादव के परिवार में है। मुलायम सिंह के छोटे भाई राजपाल यादव की पत्नी प्रेमलता दो बार अध्यक्ष रहीं। पिछली बार प्रेमलता के बेटे अंशुल अध्यक्ष बने थे।
इस बार अंशुल फिर जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार हैं। वह सैफई द्वितीय सीट से चुनाव मैदान में हैं। जिला पंचायत की 24 सीटों पर पार्टी समर्थित प्रत्याशियों को लड़ने, जिताने व अध्यक्ष पद के लिए रणनीति बनाने की जिम्मेदारी अंशुल ने आर्यन को ही सौंपी है।