फोटो 27: रासलीला में मंचन करते वृंदावन से आए कलाकार। संवाद
बकेवर। कस्बा लखना में चल रही रासलीला में रविवार को वृंदावन धाम से आए बाल कलाकारों ने भक्त मीरा बाई के जीवन और उनकी श्रीकृष्ण भक्ति पर आधारित सुंदर प्रस्तुति दी। कलाकारों ने मीरा बाई के त्याग, समर्पण और अटूट कृष्ण प्रेम को मंच पर जीवंत कर दिया, जिसे देख श्रद्धालु भक्ति में लीन हो गए।
रासलीला में दिखाया गया कि मीरा बाई बचपन से ही भगवान श्रीकृष्ण को अपना आराध्य मानती थीं। उनके मन में कृष्ण के प्रति ऐसी अटूट भक्ति थी कि उन्होंने सांसारिक सुख-सुविधाओं की परवाह किए बिना अपना संपूर्ण जीवन भगवान की भक्ति में समर्पित कर दिया। कलाकारों ने मीरा के प्रसिद्ध भजनों और कृष्ण के प्रति उनके प्रेम का सुंदर मंचन किया। मीरा बाई के जीवन के अलग-अलग प्रसंगों को नाटक के रूप में प्रस्तुत किया गया।
जब मीरा भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन होकर भजन प्रस्तुत करती थीं, तो पूरा पंडाल तालियों और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठता था। दर्शकों ने मीरा की भक्ति और उनके संघर्ष की कथा को खूब सराहा। रासलीला कमेटी के पदाधिकारी संजीव त्रिपाठी ,सोनू वर्मा, संदीप पाल, विनोद कुशवाहा, दिनेश वर्मा, बृजमोहन यादव, हर्षित, वैभव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।