वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश सिंह के निर्देश पर पुलिस लाइंस में शस्त्र लाइसेंस आवेदकों से फायरिंग कराई गई। इसमें पांच महिलाओं समेत पचास आवेदकों ने भाग लिया। फायरिंग टेस्ट में सभी आवेदक पास हो गए।
रविवार को क्षेत्राधिकारी सैफई अरुण कुमार दीक्षित व आरआई हुब्बलाल की देखरेख में शस्त्र लाइसेंस आवेदकों से फायरिंग कराई गई। आवेदकों को 0.22 रायफल के बारे में बताया गया। किस तरह से फायरिंग की जाए और क्या-क्या सावधानियां बरती जाए, इसकी भी जानकारी दी गई।
पांच-पांच व्यक्तियों की टोली बनाकर एक बार में आवेदकों को चार-चार कारतूस दिए गए। उनसे ग्रुप फायर कराया गया। इसके बाद अलग-अलग को छह-छह कारतूस और दिए गए। उनसे टारगेट के बुल पर फायरिंग कराई गई। परीक्षा फायरिंग में 50 आवेदकों ने भाग लिया। इसमें पांच महिलाएं भी शामिल रहीं। शेष आवेदकों को बाद में फायरिंग के लिए बुलाया जाएगा।
यह लाना होगा अनिवार्य
आवेदक अपने साथ 1-1 फोटो एवं अपना परिचय पत्र (वोटर आईडी/आधार कार्ड आदि) अवश्य लेकर आएं। शस्त्र लाइसेंस आवेदक एवं शस्त्र नवीनीकरण दोनों के लिए शस्त्र फायरिंग परीक्षा उत्तीर्ण करना माननीय उच्च न्यायालय ने अनिवार्य कर दिया है।