इटावा। आजादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आजादी का अमृत महोत्सव पूरे जिले में पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अमृत समारोह का शुभारंभ 12 मार्च को 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साबरमती आश्रम, अहमदाबाद गुजरात से करेंगे।
जिलाधिकारी श्रुति सिंह ने बताया कि 12 मार्च 1930 से 05 अप्रैल 1930 तक महात्मा गांधी ने ऐतिहासिक दांडी यात्रा की स्मृतियों को समारोह पूर्वक मनाए जाने के लिए 25 दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। युवा पीढ़ी को देश के गौरवपूर्ण इतिहास के महत्व से अवगत कराया जाएगा। जिससे उनमें राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रभक्ति की नवीन चेतना उत्पन्न हो सके।
अपर जिलाधिकारी जय प्रकाश ने कार्यालय कक्ष में आजादी का अमृत महोत्सव को भव्य रूप से आयोजित किए जाने के संबंध में बैठक की। 12 मार्च से शुरू होने वाले महोत्सव के शुभारंभ के पर जिले में 75 साइकिल सवार सुबह 9 बजे 7500 मीटर की रैली में भाग लेंगे। रैली का शुभारंभ ज्योतिबा फुले स्टेडियम से होगा और शहीद स्मारक इटावा प्रदर्शनी परिसर तक जाएगी।
नगला ढकाऊ में बने शहीद स्मारक /शहीद पार्क पर अमृत महोत्सव के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इस अवसर पर एसडीएम सदर सिद्धार्थ, डीपीआरओ यतेंद्र सिंह , डीआईओएस राजू राणा, बीएसए कल्पना सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।