इटावा। अमरनाथ यात्रा के लिए आवेदन कर चुके श्रद्धालुओं के लिए जिला अस्पताल में अब तीन दिन लगातार स्वास्थ्य की जांच होगी। इसके लिए कमरा संख्या 56 में चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ की टीम मौजूद रहेगी। यहीं उनके ब्लड प्रेशर, ईसीजी, शुगर आदि की जांच की जा सकेगी।
जिला अस्पताल में सप्ताह में मंगलवार और शुक्रवार को श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की जांच को लेकर निर्णय लिया गया था। लेकिन बीते शुक्रवार को श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की जांच हुई तो काफी संख्या में लोग पहुंचे थे। इससे अव्यवस्था हो गई और श्रद्धालुओं ने नाराजगी भी जाहिर की थी। इसी को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रशासन ने इस मंगलवार अवकाश के चलते बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को लगातार श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की जांच को लेकर योजना बनाई। सीएमएस डॉ. पारितोष शुक्ला ने बताया कि इस दौरान चिकित्सकीय टीम मौजूद रहेगी और अस्पताल आने वाले श्रद्धालुओं का हेल्थ चेकअप कर उन्हें प्रमाण पत्र दिया जाएगा।