इटावा। जिला अस्पताल के एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट के छुट्टी पर जाने से अल्ट्रासाउंड कक्ष पर ताला लगा होने से मरीज भटक रहे हैं। वैकल्पिक व्यवस्था कराने के लिए सीएमओ और सीएमएस केवल चिट्टी-चिट्ठी खेल रहे हैं। छह दिन बाद भी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं हो पाई है।
रेडियोलॉजिस्ट डॉ. पारितोष 20 जून से छुट्टी पर चले गए हैं। वह एक जुलाई को लौटेेंगे। अवकाश लेने का कारण पत्नी की बीमारी बताया है। छह दिन से अल्ट्रासाउंड कक्ष बंद है। शनिवार को गाड़ीपुरा के पंकज जिला अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि लीवर में दिक्कत होने से आंखों में पीलापन आ गया है।
डॉ.अनूप शर्मा ने अल्ट्रासाउंड कराने के लिए लिखा लेकिन कक्ष बंद है। कहा कि अब बाहर से अल्ट्रासाउंड कराना पड़ेगा। मैनपुरी से आईं नीशू ने बताया कुछ समय पहले बच्चेदानी निकलवाईं थीं। अब पेट में दर्द होता है। सर्जन डॉ.मंगल सिंह ने अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी है। अल्ट्रासाउंड यहां हो पाएगा या नहीं, कोई नहीं बता रहा है। उधर, डॉक्टरों ने कहा कि मरीजों को बताते हैं कि यहां अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहा है, लेकिन मरीज जो जोर देते हैं तो लिखना पड़ता है।
जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की वैकल्पिक वैकल्पिक व्यवस्था के लिए सीएमएस ने पत्र लिखा है। कुछ न कुछ इंतजाम करना होगा, जिससे मरीजों को परेशानी न हो। डॉ.भगवान दास, सीएमओ