फोटो 36::::भरथना में जयोत्री अकैडमी मे मॉडल से जुड़ी जानकारी लेते अतिथिगण। स्वयं
- जयोत्री एकेडमी में विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं की झलकी प्रतिभा
संवाद न्यूज एजेंसी
भरथना। जयोत्री एकेडमी में शनिवार को आयोजित भव्य विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच का अद्भुत प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शनी में 44 कार्यशील मॉडलों को प्रस्तुत किया गया, जिन्होंने अतिथियों और अभिभावकों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि एडीएम न्यायिक संदीप श्रीवास्तव और उनकी पत्नी ममता श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया। संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी जैसे आयोजन विद्यार्थियों की जिज्ञासा, प्रयोगधर्मिता और नवाचार की भावना को सशक्त बनाते हैं। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के वैज्ञानिक, इंजीनियर और नवप्रवर्तक हैं। ऐसे प्रयास विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करते हैं।
प्रदर्शनी में चैट बॉट, आदेश पर कार्य करने वाला एआई रोबोट, लगभग 21 हजार फुट तक जाने की क्षमता वाला रॉकेट प्रक्षेपण मॉडल तथा विभिन्न एआई आधारित अनुप्रयोग विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसके अलावा, एयर प्यूरीफायर के अपशिष्ट से स्याही बनाने की तकनीक को भी दर्शकों ने खूब सराहा। इन मॉडलों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता और विज्ञान के प्रति गहरी समझ को प्रदर्शित किया।
वैज्ञानिक डॉ. हर्षित पोरवाल पीएचडी, क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन और उनकी धर्मपत्नी डॉ. रिचा सग्गर पोरवाल की प्रेरणादायी उपस्थिति रही। विद्यालय के निदेशक डॉ. नितिन पोरवाल ने बताया कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित करना विद्यालय का प्रमुख उद्देश्य है। प्रधानाचार्य योगेंद्र नाथ मिश्रा ने विज्ञान शिक्षकों अजय धाकरे, सलित त्रिपाठी, संदीप कुमार, योगेंद्र कुमार, दिव्यदीप दुबे, शिवम कुमार आदि के समर्पण और विद्यार्थियों के अथक परिश्रम को प्रदर्शनी की सफलता का श्रेय दिया। संचालन अश्वनी ने किया।