फोटो 35: मेधावी छात्र को सम्मानित करते अग्रवाल समाज के पदाधिकारी। स्रोत आयोजक
इटावा। शहर के रामलीला रोड स्थित ध्रुव वाटिका में अग्रवाल समाज विकास ट्रस्ट के तत्वावधान में मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। बोर्ड परीक्षा समेत अन्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 70 छात्रों को शील्ड, रजत पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन व कुलदेवी महालक्ष्मी के पूजन से हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. एके शर्मा और विशिष्ट अतिथि सीए रजनीश कुमार अग्रवाल रहे। इसमें यूपी बोर्ड में कक्षा 10 में सर्वाधिक 98.2 प्रतिशत अंक पाने वाले रैयांश चतुर्वेदी को सम्मानित किया गया। इसके अलावा अंशिका, ऐशवर्या, अभिषेक, आयुष, निकुंज अग्रवाल व श्लोक को भी पदक मिले। इसी तरह कक्षा 12 में सर्वोच्च 99.4 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले अभिनव वर्मा को सम्मानित किया गया। साथ ही गौरी, रिद्धि, गौरी जैन, प्राची व नितिका को भी पुरस्कृत किया गया।
उच्च शिक्षा में राज्यपाल की ओर से सम्मानित गोल्ड मेडलिस्ट नंदिनी अग्रवाल और इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री की गोल्ड मेडलिस्ट मुस्कान जैन को सम्मानित किया गया। इसके अलावा विधि स्नातक दिव्यांश समेत अन्य मेधावियों को भी पुरस्कार मिले। इस मौके पर ट्रस्ट अध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल, उपाध्यक्ष डॉ. अंबरीश अग्रवाल, मंत्री मनोज अग्रवाल और संयोजक राकेश अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल व रविकांत अग्रवाल आदि मौजूद रहे।