सैफई (इटावा)। सपा संरक्षक पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के कोरोना वैक्सीन लगवाने और पूर्व सीएम अखिलेश यादव के हालिया बयान के बाद अब सैफई गांव के लोग भी कोरोना टीका लगवाने को लेकर उत्साहित हैं। सैफई के लोगों ने कोरोना को हराने के लिए सभी से वैक्सीनेशन कराने की अपील की है।
सपा संरक्षक ने मेदांता अस्पताल में कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवा ली है। इसके बाद सैफई प्रधान रामफल बाल्मीकि ने कहा कि उनके नेता ने टीका लगवा लिया है। वे लोग भी जल्द ही लगवा लेंगे। उन्होंने अखिलेश के वैक्सीन को लेकर दिए गए बयान पर किसी तरह की टिप्पणी नहीं की। उधर जिला प्रशासन अगले सप्ताह गांव में वैक्सीनेशन कैंप लगाने की तैयारी कर रहा है।
मुलायम सिंह के मित्र रहे पूर्व प्रधान स्व.दर्शन सिंह यादव के पौत्र अंकित यादव ने भी कहा कि वे भी अब जल्द ही वैक्सीन लगवा लेंगे। वे अपने नेता के दिशा-निर्देश का इंतजार कर रहे थे। दशरथ सिंह यादव ठेकेदार ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने टीका लगवा लिया है तो अब गांव के साथ पूरे जिले में टीका लगवाने वालों की संख्या तेजी से बढ़ेगी। सपा के ब्लाक अध्यक्ष संतोष शाक्य ने कहा कि वे भी अब जल्द टीका लगवा लेंगे। सबसे कम टीके लगवाने वाले गांवों में से एक है।
सैफई गांव में करीब एक हजार दो सौ लोगों को टीका लगना है। अभी तक सिर्फ 100 लोगों ने ही टीका लगवाया था। सीएचसी अधीक्षक डॉ.सुनील कुमार यादव ने बताया कि सैफई ग्राम पंचायत में काफी कम टीके लगे थे। अब जिला प्रशासन के निर्देश पर वहां विशेष शिविर में लोगों को टीका लगाया जा रहा।