इटावा भरथना रोड पर सेंगर नदी पुल के पास सोमवार रात एक सभासद से असलहा के दम पर बदमाशों ने लूट की। लुटेरे मारपीट कर सभासद से जंजीर, मोबाइल व नकदी लूट कर भाग निकले। विरोध करने पर लुटेरों ने सभासद के साथ मारपीट भी की। सभासद ने थाने में घटना की तहरीर दी है। पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है।
नगर पालिका भरथना के वार्ड-3 महावीर नगर के सभासद राजीव कुमार उर्फ मोनू पुत्र ओमप्रकाश सोमवार को किसी काम से बाइक से इटावा आए थे। काम काज निपटाकर रात करीब साढे नौ बजे वह वापस घर लौट रहे थे। झिंदुआ पुल के पास जब वह पहुंचे तभी वहां पहले से खड़े सात-आठ लोगों ने उन्हें रोकने के लिए डंडा मार दिया।
जिससे वह बाइक समेत गिर गए। इसके बाद लुटेरों ने उनके सीने पर पिस्टल रख दी और 10 हजार की नकदी, सोने की जंजीर व मोबाइल लूट लिया। सभासद ने जब लूट का विरोध किया तो लुटेरों ने उन्हें मारपीट कर घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे भाग निकले। लुटेरों के जाने के बाद सभासद ने किसी तरह से बाइक उठाई और वह भरथना पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने लुटेरों को तलाश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। सभासद ने बताया कि लुटेरों की संख्या आठ के करीब थी। वह पहले से ही वहां पर खडे़ थे। उनके पास कोई वाहन नहीं था। घटना की तहरीर थाने में दी है।