ट्रक के चपेट में आने से एक विकलांग की मौत पर गुस्साए गांव वालों ने छह घंटे तक भरथना-बिधूना मार्ग जाम रखा। इस दौरान एक सिपाही की अभद्रता से भड़के लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इससे भगदड़ मच गई। बाद में पुलिस अधिकारियों ने मुआवजे का भरोसा देकर लोगों को शांत किया।
क्षेत्र के ग्राम दासीपुरा (बाहरपुरा) निवासी 35 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र राजेंद्र कुमार सोमवार को सुबह करीब 11 बजे बहन गौरी को उसकी ससुराल ग्राम ज्योति जनपद मैनपुरी भेजने के लिए बस में बैठाने आया था। वह सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहा था। उसी समय भरथना से बिधूना की ओर जा रहे ट्रक की चपेट में आकर संजीव गंभीर रूप से घायल हो गया।
वहां मौजूद युवकों ने ट्रक को अहनैया नदी पुल के पास रोक लिया। चालक को जमकर धुना और ट्रक को वापस घटनास्थल पर लाकर जाम लगा दिया। इस बीच घायल को इलाज के लिए सैफई ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर एसडीएम भरथना प्रमोद कुमार तिवारी, सीओ राघवेंद्र सिंह राठौर, एसएसआई भोला सिंह भाटी, थाना प्रभारी बकेवर एके सिंह फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे।
एसडीएम ने सड़क पर बैठकर जाम लगाए परिवार की महिलाओं व अन्य लोगों को भरोसा दिया कि पीड़ित परिवार को पारिवारिक योजना के तहत 30 हजार रुपये व मुख्यमंत्री के विवेकाधीन कोष से भी आर्थिक सहायता दिलाएंगे। पुलिस ने जेसीबी मशीन से ट्रक हटवाकर शाम करीब 5 बजे जाम खुलवाया। मृतक के भाई अतुल प्रताप ने भरथना थाने में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। चालक पुलिस की हिरासत में है।