तेंदुए के हमले से घायल किशोरी को एंबुलेंस से ले जाते परिजन।
- फोटो : ETAWHA
उदी (इटावा)। ब्लॉक बढ़पुरा के पछायगांव थानांतर्गत मढ़ैया करीलगढ़ में रविवार रात घर के बाहर मौजूद बालिका पर तेंदुए ने हमला बोल दिया। तेंदुआ बालिका को जबड़े में पकड़ कर गांव के बाहर एक तालाब के पास ले गया। शोर मचाने पर तेंदुआ घायल बालिका को वहीं छोड़कर भाग गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदी ले गए। बालिका के सिर तथा चेहरे पर चोटें आईं हैं।
मढ़ैया करीलगढ़ निवासी मजदूर लाखन सिंह रात को गांव के पास खेत देखने गए थे। रात लगभग 8:30 बजे घर के बाहर मौजूद उनकी बेटी 12 वर्षीय सोना कुमारी पर तेंदुए ने हमला बोल दिया। तेंदुआ जबड़े में पकड़ कर सोना को खींचता हुआ गांव किनारे स्थित तालाब पर ले गया। सोना के चीखने पर उसके पिता व गांव के लोग दौड़ पड़े। कई लोगों की भीड़ व शोर सुनकर तेंदुआ भाग गया। घटना के समय अन्य परिजन घर के अंदर खाना खा रहे थे। ग्राम प्रधान नीरज यादव ने बताया कि तालाब के पास तेंदुए के चार-पांच बच्चे भी देखे गए हैं। सूचना पाकर एसओ पछायगांव अमान व एसआई कपिल भारती मौके पर पहुंचे और घायल किशोरी को 108 एंबुलेंस से उदी सीएचसी भिजवाया। लाखन सिंह के दो ही बच्चे हैं, बेटी सोना कुमारी व बेटा नौ वर्षीय गुड्डू।