इटावा। लखना कस्बा के भोगनीपुर नहर में मजदूर विमल के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट रविवार को थाने पहुंची। पुलिस का दावा है कि उसकी मौत नहर में डूबने से हुई थी। हालांकि उसके सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट कैसे लगी थी इस बारे में पुलिस कोई जानकारी नहीं दे पाई।
शुक्रवार को लखना क्षेत्र में भोगनीपुर नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शिनाख्त बकेवर के नगला ककरैया गांव निवासी विमल कुमार दोहरे (45) के रूप में हुई थी। विमल इकदिल थाना क्षेत्र में मानिकपुर विसू गांव निवासी अपनी बहन के यहां रहता था। गुरुवार शाम को वह घर से निकला था। बकेवर थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि शराब पीने के आदी रहे विमल के नशे के चलते नहर में गिर जाने की आशंका जताई जा रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी उसकी मौत डूबने से होने की पुष्टि हुई है। वह रात के समय इकदिल क्षेत्र में नहर में गिर गया होगा। सुबह उसका शव बहकर लखना पहुंच गया।