इटावा। बिजौली गांव के पास हाईवे पर रविवार देर शाम करीब सात बजे ट्रक के ओवरटेक के दौरान पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। गाड़ी में लदे बैगन हाईवे पर बिखर कर बर्बाद हो गए। चालक और सब्जी कारोबारी घायल हुए हैं। दोनों को महेवा सीएचसी ले जाया गया है।
दयापुर इकदिल निवासी सब्जी व्यापारी बलवीर सिंह पुत्र इंदल सिंह इटावा मंडी से बैगन खरीदकर रविवार शाम को पिकअप गाड़ी में लाद कर कानपुर मंडी मे बेचने जा रहा था। बकेवर क्षेत्र के बिजौली गांव के पास हाईवे पर पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को ओवरटेक करते समय कट मार दिया। पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। औरैया अजीतमल के बाबरपुर गांव निवासी पिकअप चालक कृपाल सिंह पुत्र राजाराम हादसे में घायल हो गए। गाड़ी में लदे बैगन सड़क पर बिखर गए। वाहनों की आवाजाही से बर्बाद हो गए। चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया। थाना पुलिस ने दोनों घायलों को महेवा सीएचसी पहुंचाया है। संवाद