जसवंतनगर। क्षेत्र के ग्राम निलोई में बृहस्पतिवार रात युवक ने घर के अंदर टिनशेड में लगे पाइप से गमछे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय युवक घर में अकेला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं।
गांव निवासी संदीप शाक्य (30) की पत्नी वीरमती करीब आठ माह से अपने मायके सटीक एटा में रह रही थी। थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि संदीप पत्नी को कई बार घर वापस बुलाने की कोशिश कर चुका था। परिजनों के अनुसार, संदीप को शराब पीने की आदत थी, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद रहता था। इसी कारण पत्नी मायके चली गई थी। संदीप को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कॉलोनी आवंटित हुई थी।
योजना के तहत आवास मिलने के बाद लाभार्थी का उसमें रहना जरूरी था। पत्नी के वापस न आने और घरेलू परिस्थितियों को लेकर वह तनाव में रहता था। इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। संदीप के परिवार में तीन छोटे बच्चों अंशी (8), कृषि (6) और कार्तिक (3) हैं। घटना के समय उसके माता-पिता भी घर पर नहीं थे और अलग मकान में रहते हैं। पिता प्रदीप कुमार रात में जब बेटे के घर पहुंचे तब उन्हें शव लटका मिला। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।(संवाद)