इटावा। सैफई ब्लॉक के कथुआ गांव में अहनैया नदी पर लघु सेतु और संपर्क मार्ग का नव निर्माण कराया जाएगा। लोक निर्माण विभाग की ओर से प्रस्तावित इस परियोजना पर करीब 75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पुल और मार्ग का निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के 10 से अधिक गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
विज्ञापन
लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के एक्सईएन राकेश भूषण प्रसाद ने बताया कि कथुआ ग्राम से नंदलालपुर गांव के बीच अहनैया नदी के ऊपर आरसीसी बॉक्स कलवर्ट लघु सेतु बनाया जाएगा। इसके साथ ही संपर्क मार्ग का भी नव निर्माण कराया जाएगा।
परियोजना की अनुमानित लागत 75 लाख रुपये निर्धारित की गई है। निर्माण कार्य पूरा करने के लिए 12 माह की समयसीमा तय की गई है। इसमें ऋतु अवधि भी शामिल है। कार्य के लिए ए, बी और सी श्रेणी के पंजीकृत ठेकेदार एवं संस्थाएं पात्र होंगी। (संवाद)