इटावा। किसी शरारती तत्व ने विकास भवन की दीवार पर चेतावनी भरा पत्र चिपका कर सनसनी फैलाने की कोशिश की। कर्मचारियों की सूचना पर थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंच कर छानबीन के बाद बताया कि यह किसी सिरफिरे की करतूत है। उसे तलाशा जा रहा है।
शुक्रवार सुबह विकास भवन की दीवार पर कर्मचारियों ने एक पत्र चिपका देखा। पत्र में लिखा था- ‘मेरी बच्ची के साथ रेप हुआ है। जलाकर मार दिया गया है। आरोपी जेल में हैं। उन्हें मेरे हवाले नहीं किया गया तो कचहरी, तहसील और विकास भवन को उड़ा दूंगा।’
कर्मचारियों ने तुरंत इस संबंध में जिला विकास अधिकारी प्रेमचंद्र द्विवेदी को बताया। उनकी सूचना पर सिविल लाइन थानाध्यक्ष शैलेंद्र यादव मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष ने बताया कि किसी शरारती तत्व ने यह हरकत की है। चार-पांच वर्षों में जनपद में ऐसी कोई वारदात नहीं हुई है। पत्र लिखने वाले की तलाश की जा रही है। जिला विकास अधिकारी ने बताया कि वह इस मामले की एसएसपी को तहरीर देंगे।