इटावा। बसरेहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बहादुरपुर के पास तेजी से आ रही पिकअप ने एक बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां एक युवक की मौत हो गई।
इकदिल थाना क्षेत्र के मोहल्ला श्यामनगर निवासी पीएसी कर्मी राधाशरण का पुत्र अनूप (18) अपने साथी गुलशन के साथ अपने पैतृक गांव कबूली थाना चौबिया गया था। जब वह वहां से लौट रहा था तभी बहादुरपुर के पास सामने से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर आए। यहां दोनों की हालत गंभीर देखते हुए डाक्टरों ने उन्हें सैफई रेफर कर दिया। रास्ते में अनूप ने दम तोड़ दिया। घायल गुलशन का पीजीआई में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा।