इटावा। रसूलाबाद से वसूली कर लौट रहे लोहा कारोबारी के मुनीम से लुटेरों ने इटावा रेलवे स्टेशन के मालगोदाम के पास सवा तीन लाख रुपये लूट लिए। लुटेरों ने मुनीम को मारपीट कर घायल भी कर दिया। सूचना पर व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी पहुंचे और घटना का विरोध किया। मौके पर पहुंची पुलिस मुनीम से पूछताछ कर रही है। माल गोदाम सालों से लुटेरों और उचक्कों के छिपने का अड्डा बना हुआ है।
अशोक नगर निवासी रामशरण गुप्ता लोहे के थोक व्यापारी हैं। इनका मुनीम राजू शर्मा इन्हीं के घर पर रहता है। मंगलवार को सुबह वह वसूली करने रसूलाबाद गया था। वहां से उसने सवा तीन लाख रुपये की वसूली की और झींझक से ट्रेन के जरिए इटावा रेलवे स्टेशन पहुंचा। ट्रेन से उतरने के बाद मुनीम राजू पैदल की मालगोदाम के रास्ते घर की ओर चल पड़ा। जैसे ही वह मालगोदाम के पास पहुंचा चार लड़कों ने राजू को घेर लिया और मारपीट करते हुए गिरा दिया। इस दौरान एक लड़का रुपयों वाला बैग छीनकर फरार हो गया। देखते देखते तीनों लड़के भी भाग निकले। राजू ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लुटेरों का हुलिया पूछा और आसपास लुटेरों की तलाश की लेकिन कोई नहीं मिला। घटना की सूचना पर व्यापार मंडल के नेता भी मौके पर पहुंचे और विरोध किया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अनंत अग्रवाल व सुनील जैन ने जिले में अपराधियों पर लगाम कसने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि लुटेरों की वजह से जिले में आम आदमी का जीना दुश्वार हो गया है।