इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत नहर में युवक का शव मिला। पर्स में मिले वोटरकार्ड से उसकी शिनाख्त हुई। जेब में मिली डायरी में दर्ज नंबरों पर पुलिस ने परिजनों व रिश्तेदारों को सूचना दी। युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
गुरुवार की सुबह बलरई नहर पुल के पास लोगों ने युवक का शव नहर में पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। तलाशी में पैंट की जेब में पर्स मिला। उसमें मिले वोटरकार्ड के आधार पर मरने वाले की शिनाख्त अरवेश (30) पुत्र सुरेश यादव निवासी नगला भाऊ, जिला फिरोजाबाद, हाल पता दिल्ली के रूप में हुई। डायरी में मिले नंबरों पर फोन से सूचना पर मृतक का साला सुदीप यादव निवासी छिपैटी सहित सिसहाट गांव के रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। सुदीप ने बताया कि अरवेश व उसका परिवार गांव से दिल्ली शिफ्ट हो गए थे। 17 जून को अरवेश के मामा के बेटे का लगन था। 16 जून को वह इटावा के छिपैटी मोहल्ला स्थित ससुराल आया। कुछ देर रुकने के बाद वह सिसहाट जाने की बात कहकर चला गया था।
मृतक की मां तो सिसहाट से पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गई, लेकिन दिल्ली में रह रहा परिवार अभी नहीं पहुंचा था। थानाध्यक्ष बलरई ने बताया कि शव काफी फूला था। शरीर पर चोटों के निशान नहीं दिखाई दिए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों के बारे में जानकारी होगी।