इटावा। संत विवेकानंद सीनियर सेकेंड्री की छात्राएं हरिद्वार में आयोजित समूह गान प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हरिद्वार रवाना हो गई। भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में देश भर के सभी प्रांतों की सर्वश्रेष्ठ टीमें प्रतिभाग करेंगी।
विवेकानंद विद्यालय की छात्राओं का समूह विद्यालय बैंड द्वारा सम्मानपूर्वक विदा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक एवं प्रधानाचार्य डा. आनंद ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में हमें पूर्ण समर्पण एवं जोश के साथ प्रतिभाग करना चाहिए। प्रतियोगिता का परिणाम उतना मायने नहीं रखता जितना कि प्रतिभाग करना। विद्यालय की समूह गान टीम में तबला वादक सतगुरु शरण वर्मा एवं संगीत शिक्षिका करुणा बंसल के निर्देशन में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। समूहगान टीम में छात्राएं गीतिक वर्मा, श्रृष्टि अग्रवाल, आंचल, काचोल, शिवांगी, रोली, अमृता राणा, देवेशपाल प्रतिभाग करेंगे। विद्यालय की टीचर निधि श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम रवाना हुई। डा. आनंद ने बताया कि इसी समूह ने पहले जिला स्तर पर एवं फिर राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में 15 टीमों को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। प्रतिभागियों को विदाई देते समय प्रधानाचार्या नीलम आनंद, विवेक कुलश्रेष्ठ आदि मौजूद रहे।