बसरेहर । विकास खंड बसरेहर के अंतर्गत ग्राम पंचायत परौली रामायन में शुक्रवार को ग्राम समाज की 90 बीघा जमीन को नायब तहसीलदार चंद्रप्रकाश ने टीम के साथ पहुंचकर कब्जा मुक्त करा दिया। इस जमीन पर सालों से करीब 15 ग्रामीणों ने कब्जा कर रखा था। वह अपनी गेहूं और धान की फसल पैदा करते थे। यह जमीन लोकपुरा और परौली गांव के बीच में थी।
शुक्रवार को नायब तहसीलदार चंद्रप्रकाश, कानूनगो नरेंद्र सिंह यादव, लेखपाल लालबहादुर, अमित पाल ने गांव में पहुंचकर पूरी जमीन की नापतौल करके जेसीबी से चारों तरफ मेड़ बंधवाकर कब्जा मुक्त करा दिया। तहसीलदार चंद्रप्रकाश ने बताया कब्जा मुक्तहुई ग्राम समाज की जमीन पर हरा चारा पैदा किया जाएगा। जो पास में ही स्थित जिले की सबसे बड़ी गौशाला परौली रामायन में भेजा जाएगा। जिससे गोशाला के गोवंशों को हरा चारा मिलेगा। इस दौरान ग्रामीणों ने हंगामा करने की कोशिश की। परंतु नायब तहसीलदार चंद्रप्रकाश ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया गया। इस दौरान कर्री चौकी के दरोगा शिवपाल सिंह सुरक्षा पुलिस कर्मियों के साथ मौजूद रहे।