अमर उजाला ब्यूरो
भरथना (इटावा)। टीईटी की परीक्षा के फॉर्म भरते समय वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) न आने से बढ़ रही अभ्यर्थियों की परेशानी पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी भरथना के मंत्री अनिल दीक्षित ने क्षोभ व्यक्त किया है। उन्होंने इसे शासन की सोची समझी साजिश करार दिया है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि को भी कम से कम 10 दिन बढ़ाया जाए।
अनिल दीक्षित ने कहा कि प्रदेश के लाखों बीटीसी, बीएड एवं शिक्षामित्र अभ्यर्थी नौकरी के लिए आवश्यक टीईटी परीक्षा के लिए सुबह से रात्रि तक साइबर कैफे में बैठे रहते है लेकिन सर्वर न चलने से उनके फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों के अंदर गहरी निराशा पैदा हो रही है और परीक्षा की तैयारी में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षामित्रों के लिए तो यह परीक्षा उनके जीवन-मरण का प्रश्न है, लेकिन शासन-प्रशासन प्रदेश के बेरोजगार युवाओं की परेशानी को अनदेखा कर उन्हें बेरोजगारी की गहरी खाई में ढकेलने की साजिश कर रहा है।
उन्होंने शासन व प्रशासन से मांग की कि उक्त परीक्षा से संबंधित सर्वर को तत्काल ठीक करके पूरी क्षमता से चलाया जाए तथा परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि को भी कम से कम 10 दिन बढ़ाया जाए।
-माकपा भरथना मंत्री अनिल दीक्षित ने की मांग