फोटो 02::मानपुरा गांव में बनायीं गयी आरसीसी सड़क। संवाद
इटावा/चकरनगर। बीहड़ क्षेत्र के विकास के लिए क्षेत्र पंचायत निधि से लगभग 75 लाख रुपये के विकास कार्यों को हरी झंडी दी गई है। इस बजट से क्षेत्र के आठ गांवों में सड़क, नाला और प्रकाश व्यवस्था में सुधार किया जा रहा है।
योजना के तहत चकरनगर कस्बे और महत्वपूर्ण संस्थानों को रोशन करने पर विशेष जोर दिया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, ब्लॉक परिसर, खेड़ा मंदिर और चकरनगर कस्बे में हाईमास्ट लाइटें लगाई जा रही हैं। इससे पूर्व में अस्पताल परिसर में पसरा रहने वाला अंधेरा दूर होगा जिससे रात के समय आने वाले मरीजों और तीमारदारों को सुरक्षा के साथ-साथ सहूलियत भी मिलेगी।
विकास कार्यों के तहत चकरनगर कस्बे के भरेह मार्ग पर 9.49 लाख की आरसीसी सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। इसके साथ ही पालीघार में 9.92 लाख की आरसीसी सड़क बनेगी। मानपुरा गांव में प्राथमिक विद्यालय तक 9.99 लाख की सीसी सड़क बनाई जानी है। ढकरा गांव में 8.82 लाख व सिंडौस मार्ग पर 7.11 लाख से सीसी सड़क बनेगी। विंडवा खुर्द व तेलियन खोदन में इंटरलॉकिंग कार्य के जरिए गलियों को कीचड़ मुक्त बनाया जाएगा।
बीहड़ के डिभौली गांव में जलभराव एक बड़ी समस्या थी। यहां शंकरजी के मंदिर से लेकर गांव के बाहर खेतों तक 9.99 लाख रुपये की लागत से नाले का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इससे बरसात और बाढ़ के समय गांव में पानी भरा होने की समस्या से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
वर्जन
बीहड़ क्षेत्र के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, नाला और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त होने से ग्रामीणों का जीवन सुगम होगा। सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरे कराए जा रहे हैं।
यदुवीर सिंह, बीडीओ