इटावा। कंपनी गार्डेन के राजकीय फल संरक्षण केंद्र पर लघु खाद्य प्रसंस्करण इकाई की स्थापना के लिए एक माह के उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार से शुभारंभ हो गया। उद्घाटन जिला उद्यान अधिकारी राजेंद्र कुमार एवं कौशल विकास विभाग के प्रबंधक सरस यादव ने किया।
केंद्र के प्रभारी डॉ. विनय प्रताप सिंह ने बताया महात्मा गांधी खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसमें लाभार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण की लघु इकाई के बारे में बताया गया। एक माह के प्रशिक्षण के बाद लाभार्थियों को मिलने वाले एक लाख रुपये के अनुदान के बारे में बताया गया। दो लाख की योजना पर लाभार्थियों को एक लाख रुपये खुद ही लगाने पड़ेंगे।
ऋण मिलने के बाद लाभार्थी लघु खाद्य प्रसंस्करण इकाई लगा सकते हैं। प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों में तीन महिलाओं समेत कुल 30 प्रशिक्षार्थी शामिल हैं। विशेषज्ञ लाभार्थियों को खाद्य प्रसंस्करण के बारे में उपयोगी जानकारी देंगे। चार अप्रैल को इसका समापन होगा। प्रभारी ने बताया कि केंद्र की ओर से इससे पूर्व तीन-तीन दिनों के आठ प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए थे। इसमें कुल मिलाकर 240 ग्रामीणों को मिक्स अचार, जैम, मुरब्बा, नीबू स्कैवैश, सब स्कैवैश इत्यादि बनाने का प्रशिक्षण दिया गया था। इन्हीं में से तीन लाभार्थियों का चयन कर उन्हें एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान केंद्र की ओर से गीता सिंह गौर तथा अरुण कुमार मौजूद रहे।