इटावा। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जिले में मतदेय स्थलों के संभाजन की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। जिले में मतदेय स्थलों की संख्या 1437 से घटकर 1390 प्रस्तावित की गई है। यानी 47 मतदेय स्थल कम हो जाएंगे। वहीं, मतदान केंद्रों की संख्या 944 से घटकर 940 हो गई है।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में हुई बैठक में मतदेय स्थलों के संशोधित प्रस्तावों पर चर्चा की गई। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बूथों के स्थान और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को लेकर सुझाव व आपत्तियां रखीं।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदेय स्थलों के प्रस्तावों पर प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों के निस्तारण की समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रक्रियाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी विपिन कुमार, उपजिलाधिकारी सदर, भरथना और जसवंतनगर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सहित भाजपा, समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, बसपा, आम आदमी पार्टी, अपना दल और सीपीआई के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
भरथना में सबसे अधिक मतदेय स्थल घटे
संशोधित प्रस्ताव के अनुसार जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में मतदेय स्थलों की संख्या 483 से घटकर 467 रह गई है। इटावा विधानसभा क्षेत्र में 458 से घटकर 441 और भरथना (अजा) विधानसभा क्षेत्र में 496 से घटकर 482 मतदेय स्थल प्रस्तावित किए गए हैं। इस तरह जसवंतनगर में 16, इटावा में 17 और भरथना में 14 मतदेय स्थल कम हुए हैं। वहीं, मतदान केंद्रों की संख्या में कुल चार की कमी प्रस्तावित है। जसवंतनगर में मतदान केंद्र 337 से बढ़कर 338 हो गए हैं, जबकि इटावा में 242 से घटकर 241 और भरथना में 365 से घटकर 361 रह गए हैं।
-
नए स्कूल में बूथ बनाने का सुझाव
बैठक में कांग्रेस प्रतिनिधि ने भरथना विधानसभा क्षेत्र के सराय मिठ्ठे स्थित मतदेय स्थल का निरीक्षण कराने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि गांव में नया स्कूल बना है, इसलिए उसी को मतदान केंद्र बनाया जाए। वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि उदयभान सिंह यादव ने भरथना विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या 47 पर तैनात बीएलओ नीलम सक्सेना के अवकाश पर रहने से 17 और 24 अक्तूबर को काम प्रभावित होने की बात कही। उन्होंने उनके स्थान पर दूसरे कार्मिक की तैनाती का सुझाव दिया। इसके अलावा जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या 321 पर तैनात बीएलओ को बदलने की मांग भी रखी गई।