इटावा। एसपी ग्रामीण व एसपी सिटी के नेतृत्व में बुधवार देर रात से लेकर बृहस्पतिवार सुबह तक पूरे जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध खनन, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर 60 वाहनों का चालान कर 44 डंपर व ट्रकों को सीज किया गया। पुलिस टीम ने एआरटीओ की मदद से 52,07,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला। इस कार्रवाई से वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया।
शहर, जसवंतनगर, सैफई, भरथना और चकरनगर सर्किल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस, राजस्व विभाग और परिवहन विभाग की संयुक्त टीमों ने सघन चेकिंग की। एसपी ग्रामीण श्रीश्चंद्र और एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। बढ़पुरा थाना क्षेत्र में 47 वाहनों के चालान के साथ दो डंपर सीज कर 2.16 लाख रुपये वसूले। जसवंतनगर क्षेत्र में आठ वाहनों का चालान और चार वाहन सीज किए गए, जबकि दो लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। बलरई थाना क्षेत्र में 13 चालान के साथ दो वाहन सीज कर 2.25 लाख रुपये की वसूली हुई। थाना पछायगांव में 12 चालान के साथ दो डंपर सीज कर और 87,500 रुपये का शमन शुल्क किया गया। इसी तरह थाना बसरेहर में 15 डंपर/ ट्रक चालान कर एक लाख का शमन शुल्क वसूला। थाना बैदपुरा में 10 डंपर/ट्रक का चालान व एक डंपर सीज कर कुल 61,000 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। थाना चकरनगर में दो डंपर/ ट्रक का चालान कर एक ट्रक/डंपर सीज कर कुल 34 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया। सबसे बड़ी कार्रवाई बकेवर थाना क्षेत्र में देखने को मिली, जहां अवैध खनन और ओवरलोडिंग में लिप्त 35 डंपर-ट्रकों को सीज कर 45 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। वाहन चालकों से अपील है कि वह यातायात नियमों का पालन करें। जरूरी कागजात के साथ ही वाहन चलाएं, ऐसा न करने पर वाहन स्वामियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।